PM मोदी के 76वें जन्मदिन पर दशाश्वमेध घाट पर विशेष पूजा-अर्चना, 76 दीपों से जगमगाई गंगा आरती
वाराणसी :- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार को काशी के दशाश्वमेध घाट पर मां गंगा की विशेष आरती का आयोजन किया गया। गंगा सेवा निधि की ओर से आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में प्रधानमंत्री के दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई।
आरती से पहले सात अर्चकों ने वैदिक मंत्रोच्चार और आशीर्वचन के साथ विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के प्रतीक स्वरूप 76 दीप प्रज्वलित किए गए। शंखनाद और डमरू वादन के बीच घाट का वातावरण भक्तिमय हो उठा।विशेष गंगा आरती के दौरान अर्चकों ने बाबा विश्वनाथ और मां गंगा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु जीवन की प्रार्थना की। घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं ने भी इस आयोजन में उत्साह के साथ सहभागिता की और जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
दशाश्वमेध घाट पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम के दौरान गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा, कोषाध्यक्ष आशीष तिवारी सहित संस्था के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। 76 दीपों की रोशनी, शंखनाद और डमरू की गूंज के बीच गंगा तट का माहौल आध्यात्मिक रंग में नजर आया।



No comments