30 गेंदों में शतक ठोक अभिषेक शर्मा ने मचाया तहलका, इंटरनेशनल क्रिकेट में रचा इतिहास; डिविलियर्स का रिकॉर्ड ध्वस्त
- राधिका तिवारी
नई दिल्ली :- अरुण जेटली स्टेडियम में अभिषेक शर्मा ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत में नया इतिहास रच दिया। अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबले में भारतीय सलामी बल्लेबाज ने महज 30 गेंदों में शतक पूरा कर सनसनी मचा दी। इस धमाकेदार पारी के साथ ही अभिषेक फुल मेंबर टीमों के बीच इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए।
अभिषेक ने दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज एबी डिविलियर्स का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। डिविलियर्स ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे मुकाबले में 31 गेंदों पर शतक जमाया था। अभिषेक ने उनसे एक गेंद कम में सेंचुरी पूरी कर नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
टी20 इंटरनेशनल में भी बनाया नया रिकॉर्ड
अभिषेक का कारनामा सिर्फ इंटरनेशनल क्रिकेट तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने टी20 इंटरनेशनल में फुल मेंबर टीमों के बीच सबसे कम गेंदों में शतक लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। इससे पहले सिकंदर रजा और फिन एलन 33-33 गेंदों में शतक लगाकर इस रिकॉर्ड पर काबिज थे।
हालांकि, सभी देशों को मिलाकर टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड एस्टोनिया के साहिल चौहान के नाम है, जिन्होंने 27 गेंदों में सेंचुरी पूरी की थी।
11 छक्कों से गेंदबाजों की उड़ाई धज्जियां
अभिषेक ने अपनी पारी के दौरान छक्कों की जमकर बारिश की। उन्होंने कुल 11 छक्के लगाए। भारत की ओर से एक टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अभिषेक शर्मा के नाम ही है। इंग्लैंड के खिलाफ वह एक मैच में 13 छक्के लगा चुके हैं।
पावरप्ले में भी बना डाला रिकॉर्ड
अभिषेक की आक्रामक बल्लेबाजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने पावरप्ले के छह ओवरों में ही 76 रन बना डाले। इसके साथ ही उन्होंने टी20 क्रिकेट में पावरप्ले के दौरान सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। उन्होंने पुर्तगाल के कुलदीप गोहलिया के 74 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा।
317 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से शतक
अभिषेक के शतक की सबसे खास बात उनकी बल्लेबाजी की रफ्तार रही। उन्होंने महज 30 गेंदों में सेंचुरी पूरी की, यानी उनका शतक 317.64 के स्ट्राइक रेट से आया। इस प्रदर्शन के साथ वह टी20 इंटरनेशनल में शतक के दौरान सर्वाधिक स्ट्राइक रेट रखने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए।
इससे पहले यह रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम था। रोहित ने 2017 में टी20 इंटरनेशनल शतक के दौरान 274.41 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए थे।
अफगानिस्तान के खिलाफ अभिषेक शर्मा की यह पारी रिकॉर्ड्स से भरी रही। तेज शतक, छक्कों की बारिश और पावरप्ले में धमाकेदार बल्लेबाजी के जरिए उन्होंने टी20 क्रिकेट में अपनी आक्रामक शैली का जोरदार प्रदर्शन किया।

No comments