ट्रेन में बिना टिकट पकड़ी गई महिला का हंगामा, कपड़े फाड़कर TTE को फंसाने की धमकी का वीडियो वायरल
वाराणसी :- ट्रेन में बिना टिकट यात्रा कर रही एक महिला और टिकट चेकिंग स्टाफ के बीच विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना 17 सितंबर की बताई जा रही है। रेलवे के अनुसार, 12792 सिकंदराबाद एक्सप्रेस में टिकट जांच के दौरान महिला से टिकट दिखाने और नियमानुसार कार्रवाई की बात कही गई, जिसके बाद उसने कथित तौर पर हंगामा शुरू कर दिया।
बताया गया कि ट्रेन दानापुर रेल मंडल से डीडीयू रेल मंडल की ओर जा रही थी। दिलदारनगर, गाजीपुर के आसपास टिकट चेकिंग के दौरान महिला से टिकट मांगा गया। महिला ने खुद को राधिका तिवारी बताते हुए अपने भाई का नाम मुन्ना तिवारी बताया और कथित तौर पर कहा कि उसके परिवार में भी टीटीई हैं। आरोप है कि इसके बाद उसने टिकट चेकिंग स्टाफ को धमकाना शुरू कर दिया।
वायरल वीडियो में महिला फोन पर अपने परिजनों से बातचीत करती और टिकट चेकिंग स्टाफ पर गंभीर आरोप लगाने की बात करती दिखाई दे रही है। रेलवे की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, महिला ने कथित तौर पर अपने कपड़े खुद फाड़ने शुरू कर दिए और बाद में आरोप लगाया कि उसके साथ ट्रेन में बदसलूकी की गई है।
घटना के दौरान टिकट चेकिंग स्टाफ ने मोबाइल कैमरे से पूरे घटनाक्रम की रिकॉर्डिंग शुरू कर दी। वीडियो में महिला को टिकट चेकिंग स्टाफ को कथित तौर पर फंसाने की धमकी देते हुए भी सुना जा सकता है। वह अपने परिजनों को फोन करने के साथ ट्रेन में आने वाली पुलिस के बारे में मोबाइल पर जानकारी लेने की कोशिश करती भी नजर आई।
मामला बढ़ने पर रेल पुलिस को सूचना दी गई। दिलदारनगर स्टेशन पर ट्रेन पहुंचने के बाद महिला को उतारकर रेल पुलिस और महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में पूछताछ की गई। रेलवे के मुताबिक, पूछताछ के दौरान महिला ने अपने कपड़े खुद फाड़ने की बात से इनकार किया और दावा किया कि वह फोन पर बात कर रही थी।
हालांकि, मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने वीडियो रिकॉर्डिंग का हवाला देते हुए उससे सवाल किए। इसके बाद महिला ने आरोप लगाया कि टिकट चेकिंग स्टाफ ने उसके साथ बदसलूकी और गाली-गलौज की थी। वहीं, वायरल वीडियो में महिला की ओर से ही अभद्र भाषा के इस्तेमाल का दावा किया जा रहा है।
पूछताछ में महिला ने यह भी बताया कि उसके पिता ने उसे ट्रेन में बैठाया था और उसके पास यात्रा का टिकट नहीं था। रेलवे की ओर से अब पूरे घटनाक्रम की जांच किए जाने की बात कही गई है। मामले में रेलवे सुरक्षा बल, राजकीय रेलवे पुलिस और संबंधित अधिकारियों से नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई है।
रेलवे की ओर से जारी वीडियो सामने आने के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में है। हालांकि, महिला के खिलाफ अब तक क्या कार्रवाई की गई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

No comments