• Breaking News

    डीजल-पेट्रोल के दाम बढ़ने से वाराणसी में माल भाड़ा महंगा, 1 जून से लागू होंगी नई दरें


    • मोहम्मद रिजवान
    वाराणसी :- पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों का असर अब माल ढुलाई कारोबार पर साफ दिखाई देने लगा है। बढ़ती संचालन लागत से परेशान ट्रांसपोर्टरों ने माल भाड़े में 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है। वाराणसी सिटी ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन की गुरुवार को हुई बैठक में यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया। नई दरें 1 जून 2026 से प्रभावी होंगी।

    बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष रविंद्र कुमार सिंह ने की। इस दौरान महामंत्री अभिषेक कुमार मिश्रा सहित संगठन के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ट्रांसपोर्ट व्यवसायी मौजूद रहे। बैठक में डीजल-पेट्रोल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी और उसके कारण बढ़ रहे खर्चों पर विस्तार से चर्चा की गई।

    अध्यक्ष रविंद्र कुमार सिंह ने कहा कि बीते कुछ महीनों में ईंधन की कीमतों में लगातार इजाफा हुआ है, जिससे मालवाहक वाहनों का संचालन करना कठिन होता जा रहा है। ट्रांसपोर्टरों पर आर्थिक दबाव बढ़ता जा रहा है और मौजूदा भाड़े में व्यवसाय चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने बताया कि वाराणसी की विभिन्न मंडियों से रोजाना पूर्वांचल के कई जिलों में बड़ी मात्रा में सामान भेजा जाता है। ऐसे में बढ़ती लागत को देखते हुए भाड़े में संशोधन जरूरी हो गया था।

    महामंत्री अभिषेक कुमार मिश्रा ने जानकारी दी कि संशोधित भाड़ा दरें 1 जून से लागू कर दी जाएंगी। इसका असर वाराणसी से गाजीपुर, जौनपुर, मिर्जापुर, भदोही, चंदौली और सोनभद्र सहित कई जिलों में होने वाली माल ढुलाई पर पड़ेगा। नई भाड़ा सूची 30 मई तक सभी ट्रांसपोर्ट कार्यालयों और संबंधित व्यापारिक संगठनों को उपलब्ध करा दी जाएगी।

    ट्रांसपोर्टरों के इस फैसले का असर अब बाजार पर भी पड़ सकता है। माल ढुलाई महंगी होने से व्यापारियों की लागत बढ़ेगी, जिसका असर आम उपभोक्ताओं पर पड़ना तय माना जा रहा है। दैनिक जरूरत की वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है।

    बैठक में मौजूद ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों ने सरकार से पेट्रोल और डीजल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। एसोसिएशन का कहना है कि लगातार बढ़ती लागत के बीच ट्रांसपोर्ट कारोबार को बनाए रखने के लिए भाड़े में वृद्धि करना मजबूरी बन गया था।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad