वाराणसी में ड्राई फ्रूट गोदाम में लाखों की चोरी, जाली काटकर ले गए काजू-बादाम
वाराणसी :- मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला मड़ौली इलाके का है, जहां चोरों ने एक ड्राई फ्रूट गोदाम को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत और नाराजगी का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार मड़ौली निवासी आकाश कुमार केशरी का नाथूपुर क्षेत्र में “वीवी मार्ट” नाम से प्रतिष्ठान है, जबकि मड़ौली इलाके में उनका ड्राई फ्रूट का गोदाम स्थित है। बुधवार देर रात अज्ञात चोर गोदाम की जाली काटकर अंदर घुस गए और वहां रखे काजू, बादाम समेत अन्य महंगे ड्राई फ्रूट चोरी कर फरार हो गए।
गुरुवार सुबह जब व्यापारी गोदाम पहुंचे तो चोरी की घटना की जानकारी हुई। गोदाम का सामान बिखरा पड़ा था और जाली कटी हुई मिली। इसके बाद तत्काल मंडुवाडीह पुलिस को सूचना दी गई।
पीड़ित व्यापारी का आरोप है कि सूचना देने के काफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने और जल्द कार्रवाई की मांग की है। व्यापारी के मुताबिक चोरी हुए सामान की कीमत करीब तीन लाख रुपये आंकी जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस बदमाशों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।
वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि मंडुवाडीह इलाके में चोरी, बाइक चोरी, साइबर फ्रॉड और मारपीट जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस अपराध पर प्रभावी नियंत्रण नहीं कर पा रही है। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि कई मामलों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
क्षेत्रीय व्यापारियों और नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में रात्रि गश्त बढ़ाने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और घटना का जल्द खुलासा करने की मांग की है, ताकि लोगों में भरोसा कायम हो सके और आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

No comments