वाराणसी में पति, पत्नी और प्रेमी के बीच उलझी कहानी: शादी का झांसा देकर संबंध बनाने का आरोप, युवक गिरफ्तार
वाराणसी :- सिगरा थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इनकार करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान रामनगर थाना क्षेत्र के मछरहट्टा निवासी 26 वर्षीय संदीप मौर्या के रूप में हुई है। उसे मालगोदाम रोड के पास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार पीड़िता भेलूपुर थाना क्षेत्र के खोजवा इलाके की रहने वाली है। कुछ समय पहले उसकी मुलाकात संदीप मौर्या से गुरुधाम-दुर्गाकुंड क्षेत्र में हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और नजदीकियां हो गईं।
युवती का आरोप है कि आरोपी ने उससे शादी करने का वादा किया और इसी भरोसे पर मलदहिया स्थित एक गेस्ट हाउस में ले जाकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान आरोपी लगातार शादी का आश्वासन देता रहा।
पीड़िता के मुताबिक बाद में उसे गर्भवती होने की जानकारी मिली। इसी बीच फरवरी माह में उसकी शादी पियरी निवासी राहुल जायसवाल से हो गई। शादी के कुछ समय बाद मार्च में जब पति को पत्नी के गर्भवती होने की जानकारी हुई तो उसने उसे अपने साथ रखने से इनकार कर दिया।
इसके बाद युवती ने संदीप मौर्या से शादी करने की बात कही, लेकिन आरोप है कि उसने भी शादी से साफ इनकार कर दिया। खुद को ठगा महसूस करने के बाद पीड़िता ने सिगरा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की जांच के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

No comments