यूपी मदरसा बोर्ड रिजल्ट में बेटियों का परचम, 29 हजार से ज्यादा छात्राएं पास; वाराणसी की जुमी फरीन टॉपर
- मोहम्मद रिजवान
वाराणसी :- उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद द्वारा घोषित वर्ष 2026 की मुंशी/मौलवी (सेकेंडरी) एवं आलिम (सीनियर सेकेंडरी) परीक्षा के परिणामों में बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना परचम लहराया है। कुल सफल 55,788 परीक्षार्थियों में 29,229 छात्राएं शामिल हैं। छात्राओं का सफलता प्रतिशत 94.30 प्रतिशत दर्ज किया गया, जो प्रदेश में बालिका शिक्षा के बढ़ते स्तर और बेहतर शैक्षिक माहौल का प्रमाण माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में आयोजित परीक्षाओं के परिणामों ने यह साबित किया है कि बेटियां अब हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और शिक्षा के क्षेत्र में नई मिसाल कायम कर रही हैं।29 हजार से अधिक छात्राओं ने हासिल की सफलता
मदरसा बोर्ड की सेकेंडरी एवं सीनियर सेकेंडरी परीक्षाओं में कुल 29,229 छात्राएं सफल हुईं। सेकेंडरी (मुंशी/मौलवी) परीक्षा में 21,407 छात्राओं ने सफलता प्राप्त की, जिनका सफलता प्रतिशत 91.46 रहा। वहीं सीनियर सेकेंडरी (आलिम) परीक्षा में 7,822 छात्राएं उत्तीर्ण हुईं, जिनका सफलता प्रतिशत 90.88 प्रतिशत दर्ज किया गया।आलिम परीक्षा की टॉप-3 रैंक पर छात्राओं का कब्जा
सीनियर सेकेंडरी (आलिम) परीक्षा में प्रदेश की शीर्ष तीनों रैंक छात्राओं ने अपने नाम कीं। वाराणसी स्थित मदरसा दैरातुल इस्लाह चिराग-ए-उलूम की छात्रा जुमी फरीन ने 82.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया। इसी मदरसे की छात्रा शाइस्ता परवीन ने 82.40 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया।
अमरोहा जिले के मदरसा आलिया जफरिया की छात्रा उम्मुल खैर ने भी 82.40 प्रतिशत अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा वाराणसी की जैनबी हनिया ने 82 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में पांचवां स्थान हासिल किया। वहीं फर्रुखाबाद की छात्रा रेशमा ने 81.20 प्रतिशत अंकों के साथ टॉप-10 में आठवां स्थान प्राप्त किया।
गोरखपुर, कुशीनगर और लखनऊ की छात्राओं ने बढ़ाया प्रदेश का मान
सेकेंडरी (मुंशी/मौलवी) परीक्षा में भी छात्राओं का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा। गोरखपुर की शाइमा परवीन ने 89.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया। कुशीनगर की सिद्दीका खातून ने 88.50 प्रतिशत अंकों के साथ पांचवां स्थान प्राप्त किया।
इसके अलावा गोरखपुर की रुखसार बानो ने 88.17 प्रतिशत अंक प्राप्त कर छठा स्थान हासिल किया, जबकि कुशीनगर की शकीला खातून और लखनऊ की सानिया ने 87.83 प्रतिशत अंकों के साथ क्रमशः नौवां और दसवां स्थान प्राप्त कर अपने परिवार, संस्थान और जिले का नाम रोशन किया।
मदरसा शिक्षा को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण बनाने पर जोर
अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज राज्यमंत्री दानिश आज़ाद अंसारी ने परिणामों पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि योगी सरकार प्रदेश के सभी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से मुस्लिम बेटियों की शिक्षा पर सरकार का विशेष ध्यान है ताकि उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि मदरसों में पढ़ने वाले गरीब परिवारों के बच्चों को आधुनिक और बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है तथा मदरसा शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
मदरसा बोर्ड परीक्षा परिणामों में छात्राओं की इस शानदार सफलता ने न केवल प्रदेश का गौरव बढ़ाया है, बल्कि यह भी साबित किया है कि अवसर मिलने पर बेटियां हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने में सक्षम हैं।



No comments