• Breaking News

    पीएम मोदी पर टिप्पणी को लेकर भाजपा का कांग्रेस पर हमला, कार्रवाई की उठाई मांग


    वाराणसी :-
    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कांग्रेस नेताओं की ओर से की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के विरोध में भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने कड़ा रुख अपनाया है। शनिवार को सिगरा स्थित भाजपा महानगर कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने कांग्रेस नेतृत्व की आलोचना करते हुए इसे राजनीतिक मर्यादाओं के विपरीत बताया।

    प्रेस वार्ता में भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल, हंसराज विश्वकर्मा, आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, महापौर अशोक तिवारी और एमएलसी धर्मेंद्र राय सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

    भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय लगातार विवादित बयान देकर राजनीतिक माहौल को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं।

    नेताओं ने अजय राय के खिलाफ विभिन्न मामलों का उल्लेख करते हुए उनके राजनीतिक आचरण पर सवाल उठाए और कहा कि सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा बनाए रखना सभी दलों की जिम्मेदारी है।

    भाजपा नेताओं ने कहा कि वाराणसी की जनता प्रधानमंत्री के प्रति सम्मान रखती है और इस प्रकार की टिप्पणियों से लोगों में नाराजगी है। उन्होंने प्रशासन और शासन से मामले का संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करने की मांग की।

    प्रेस वार्ता के दौरान नेताओं ने कांग्रेस नेतृत्व को संयमित भाषा के प्रयोग की सलाह देते हुए राजनीतिक संवाद में शालीनता बनाए रखने पर जोर दिया।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad