'महोबा पीड़िता की लड़ाई लड़ रहे अजय राय को फंसाने की कोशिश', रीना राय का आरोप
- मोहम्मद रिजवान
वाराणसी :- मैदागिन स्थित कांग्रेस कार्यालय में रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की पत्नी रीना राय ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि महोबा की दलित छात्रा से जुड़े मामले में न्याय की मांग उठाने वाले नेताओं को ही प्रशासनिक कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है। यह लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद दर्ज हुई कार्रवाई
रीना राय ने कहा कि अजय राय महोबा पहुंचकर पीड़ित परिवार से मिले थे और उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया था। उनका आरोप है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के बजाय सरकार ने अजय राय को ही निशाने पर ले लिया और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी। उन्होंने इसे राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश बताया।
फर्जी वीडियो बनाकर छवि खराब करने का आरोप
प्रेस वार्ता के दौरान रीना राय ने कहा कि आधुनिक तकनीक का दुरुपयोग कर राजनीतिक विरोधियों को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एआई तकनीक की मदद से भ्रामक वीडियो तैयार कर अजय राय की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने कहा कि जनता को भ्रमित करने और विपक्षी नेताओं की साख को प्रभावित करने के लिए इस तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला करार
कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे और जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल ने भी प्रेस वार्ता में सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर उनकी आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि सरकार आलोचना और विरोध को बर्दाश्त नहीं कर पा रही है।
कांग्रेस ने रखीं प्रमुख मांगें
प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन और सरकार से कई मांगें उठाईं। इनमें महोबा प्रकरण की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग प्रमुख रही।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, पार्टी उनके साथ खड़ी रहेगी और उनकी आवाज उठाती रहेगी।

No comments