• Breaking News

    पति से विवाद के बाद युवती मोबाइल टावर पर चढ़ी, 45 मिनट तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा


    • मोहम्मद रिजवान
    वाराणसी :- रोहनिया थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब घरेलू विवाद से नाराज एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई। करीब 45 मिनट तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और ग्रामीणों की मदद से उसे सुरक्षित नीचे उतारा गया। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी रही।

    जानकारी के अनुसार मुड़ादेव गांव निवासी अंजली का अपने पति अजीत से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। कहासुनी के बाद वह नाराज होकर घर से निकल गई। कुछ देर बाद वह माधोपुर स्थित एक मोबाइल टावर के पास पहुंची और अचानक उस पर चढ़ने लगी।

    शुरुआत में लोगों को लगा कि युवती थोड़ी देर बाद खुद ही नीचे उतर आएगी, लेकिन वह लगातार ऊपर चढ़ती चली गई और टावर के ऊपरी हिस्से तक पहुंच गई। यह देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। नीचे खड़े लोग उसे आवाज देकर नीचे उतरने की अपील करते रहे, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुई।

    प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टावर पर चढ़ने के बाद युवती जोर-जोर से चिल्लाने लगी और पति से चल रहे विवाद को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर करती रही। घटना की सूचना मिलते ही रोहनिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय ग्रामीणों और परिवार के लोगों की मदद से युवती को समझाने का प्रयास शुरू किया।

    करीब 45 मिनट तक चले समझाने-बुझाने के बाद युवती नीचे उतरने को तैयार हुई। उसके सुरक्षित नीचे आते ही लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने परिवार वालों को बुलाकर युवती को उनके सुपुर्द कर दिया।

    बताया जा रहा है कि अंजली और अजीत ने प्रेम विवाह किया था। पिछले कुछ समय से दोनों के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी तनाव के चलते युवती ने यह कदम उठा लिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दिनभर इस मामले की चर्चा होती रही।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad