यूपी भाजपा में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल: वाराणसी में राम सकल पटेल, चंदौली में काशीनाथ सिंह बने जिलाध्यक्ष
लखनऊ/वाराणसी :- उत्तर प्रदेश भाजपा ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए पांच जिलों और महानगरों में नए जिलाध्यक्षों की घोषणा कर दी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी द्वारा जारी सूची में वाराणसी, चंदौली, गोरखपुर महानगर, देवरिया और अंबेडकर नगर के नए संगठनात्मक मुखियाओं के नाम शामिल हैं।
आगामी चुनावी रणनीति और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने यह बदलाव किया है। खास तौर पर काशी और गोरखपुर क्षेत्र में नए चेहरों को जिम्मेदारी देकर भाजपा ने संगठन में नई ऊर्जा भरने का संकेत दिया है।
वाराणसी और चंदौली में नए नेतृत्व पर भरोसा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भाजपा ने राम सकल पटेल को नया जिलाध्यक्ष बनाया है। संगठन में लंबे समय से सक्रिय राम सकल पटेल को जमीनी कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत पकड़ वाला नेता माना जाता है।
वहीं, पड़ोसी जनपद चंदौली में पार्टी ने काशीनाथ सिंह को जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में संगठन को और मजबूती मिलेगी।
गोरखपुर क्षेत्र में भी बदलाव
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रभाव वाले गोरखपुर क्षेत्र में भी भाजपा ने संगठनात्मक बदलाव किया है। गोरखपुर महानगर की कमान रमेश प्रसाद गुप्ता को सौंपी गई है, जबकि देवरिया जिले में काशी प्रसाद को नया जिलाध्यक्ष बनाया गया है।
अंबेडकर नगर में दिलीप देव पटेल को जिम्मेदारी
अवध क्षेत्र के अहम जिले अंबेडकर नगर में भाजपा ने दिलीप देव पटेल को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि नए पदाधिकारियों के आने से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूती मिलेगी।
नए जिलाध्यक्षों की घोषणा के बाद संबंधित जिलों के भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश नेतृत्व का आभार जताते हुए संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया है।

No comments