• Breaking News

    दालमंडी सड़क चौड़ीकरण कार्य का अपर पुलिस आयुक्त ने किया स्थलीय निरीक्षण, कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश


    • मोहम्मद रिजवान
    वाराणसी :- दालमंडी में चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शिवहरी मीणा ने शनिवार को क्षेत्र का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया।

    दालमंडी क्षेत्र अपनी घनी आबादी, व्यावसायिक गतिविधियों, धार्मिक एवं सांस्कृतिक संवेदनशीलता तथा संकरे मार्गों के कारण हमेशा से संवेदनशील माना जाता रहा है। वर्तमान में चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य के चलते मार्ग परिवर्तन, अस्थायी अवरोध एवं जन-आवागमन में बदलाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए यह निरीक्षण किया गया।

    निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त ने पूरे चौड़ीकरण क्षेत्र का पैदल भ्रमण कर निर्माणाधीन स्थलों, प्रभावित गलियों, प्रमुख बाजार मार्गों, चौराहों, मंदिर-मस्जिद के आसपास के इलाकों, भीड़भाड़ वाले स्थानों, पार्किंग स्थलों तथा यातायात डायवर्जन बिंदुओं का जायजा लिया।

    इस दौरान निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों के अनुपालन, मजबूत बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतकों, रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था, पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित अस्थायी मार्ग, बाजारों में भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन वाहनों के निर्बाध आवागमन, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता तथा सोशल मीडिया मॉनिटरिंग एवं अफवाह नियंत्रण व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई।

    निरीक्षण के समय गौरव बंशवाल, अतुल अंजान त्रिपाठी सहित संबंधित थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

    अपर पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण स्थलों पर त्रिस्तरीय बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टर युक्त टेप एवं चेतावनी बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। साथ ही “प्रवेश निषेध” एवं “सावधान, निर्माण कार्य प्रगति पर है” जैसे स्पष्ट सूचना पट्ट भी लगाए जाएं। उन्होंने निर्माण एजेंसी को सुरक्षा मानकों का प्रतिदिन सत्यापन करने तथा संबंधित थाना प्रभारी को नियमित निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

    उन्होंने कहा कि सड़क पर मलबा फैलने से रोका जाए तथा निर्धारित स्थलों पर ही डंपिंग सुनिश्चित की जाए। रात्रिकालीन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी निर्माण क्षेत्रों एवं डायवर्जन स्थलों पर पर्याप्त हाईमास्ट एवं फोकस लाइट लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही खुले विद्युत तारों एवं अस्थायी कनेक्शनों की नियमित जांच करने को कहा गया।

    पैदल यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्पष्ट रूप से चिन्हित अस्थायी कॉरिडोर बनाने, महिलाओं, बच्चों एवं वृद्धजनों की सुविधा हेतु अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने तथा आवश्यकता पड़ने पर पैदल एवं वाहन मार्ग अलग-अलग करने के निर्देश दिए गए।

    बाजार क्षेत्रों में भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष ड्यूटी प्लान लागू करने, धार्मिक स्थलों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल लगाने तथा अवैध अतिक्रमण एवं ठेला-फेरी को तत्काल हटाने के आदेश दिए गए। साथ ही सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती कर जेबकतरी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने को कहा गया।

    आपातकालीन सेवाओं के लिए एम्बुलेंस एवं अग्निशमन वाहनों हेतु वैकल्पिक मार्ग पूर्व से चिन्हित कर प्रदर्शित करने तथा थाना स्तर पर 24×7 त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश भी दिए गए।

    तकनीकी निगरानी को मजबूत करने के लिए संवेदनशील स्थलों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की प्रतिदिन जांच करने, कवरेज कम होने पर अस्थायी कैमरे लगाने एवं कंट्रोल रूम से रीयल-टाइम मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

    सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक एवं उत्तेजक सूचनाओं की सतत निगरानी रखने तथा किसी भी अफवाह का तत्काल आधिकारिक खंडन जारी करने के निर्देश देते हुए अपर पुलिस आयुक्त ने कहा कि अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।

    उन्होंने संपूर्ण क्षेत्र को सेक्टरों में विभाजित कर प्रत्येक सेक्टर के लिए प्रभारी अधिकारी नामित करने, प्रतिदिन सुबह एवं शाम ब्रीफिंग आयोजित करने तथा संबंधित सहायक पुलिस आयुक्त द्वारा प्रतिदिन समीक्षा रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजने के निर्देश भी दिए।

    अपर पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्य के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रहनी चाहिए, आमजन को न्यूनतम असुविधा हो तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन द्वारा पूरे क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही है तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की जाएगी।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad