वाराणसी में फर्जी जॉब रैकेट का खुलासा, नौकरी के नाम पर युवाओं से लाखों की ठगी
वाराणसी में बेरोजगार युवाओं को नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। मंगलवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह लोगों को हिरासत में लिया। यह कार्रवाई डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार के निर्देशन में एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना और थाना प्रभारी सारनाथ पंकज त्रिपाठी की टीम द्वारा की गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी खुद को कॉल सेंटर संचालक बताकर युवाओं को निजी कंपनियों में नौकरी दिलाने का दावा करते थे। सोशल मीडिया और मोबाइल कॉल के जरिए बेरोजगार युवक-युवतियों से संपर्क कर उनसे रजिस्ट्रेशन, ट्रेनिंग और सिक्योरिटी फीस के नाम पर मोटी रकम वसूली जाती थी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से कई मोबाइल फोन, दस्तावेज, रजिस्टर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में यह भी पता चला है कि यह गिरोह काफी समय से सक्रिय था और कई लोग इनके झांसे में आ चुके हैं।
फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अब तक कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

No comments