• Breaking News

    ओवरलोड हुए ट्रांसफॉर्मर, वाराणसी में बार-बार बिजली गुल होने से बढ़ी मुश्किलें


    • मोहम्मद रिजवान
    वाराणसी में लगातार बढ़ रही गर्मी और 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचे तापमान ने बिजली व्यवस्था पर भारी दबाव डाल दिया है। शहर में रोजाना 800 मेगावॉट से अधिक बिजली की खपत हो रही है, जिसके चलते कई पावर ट्रांसफॉर्मर ओवरलोड होकर जवाब देने लगे हैं। नतीजतन अलग-अलग इलाकों में घंटों अघोषित बिजली कटौती और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या सामने आ रही है।

    मच्छोदरी, मैदागिन, हरतीरथ, आदमपुर और विशेश्वरगंज जैसे इलाकों में पिछले कई दिनों से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई क्षेत्रों में रात के समय तीन से छह घंटे तक बिजली गुल रही, जबकि कहीं-कहीं हर कुछ मिनट पर लाइन ट्रिप होने से लोग पूरी रात जागने को मजबूर हो गए।

    शिवपुर, सिगरा, महमूरगंज, भेलूपुर, भदैनी, अस्सी, गोदौलिया, लक्सा और खोजवा समेत शहर के घनी आबादी वाले इलाकों में भी हालात खराब बने हुए हैं। दोपहर से देर रात तक बार-बार बिजली जाने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। तेज गर्मी के बीच पंखे, कूलर और एसी बंद होने से लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है।

    रामनगर उपकेंद्र पर भी रविवार रात कई बार लाइन ट्रिप होने से तीन फीडरों की सप्लाई बाधित रही। स्थिति बिगड़ने पर बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ट्रांसफॉर्मर का लोड बढ़ाने के बाद सप्लाई किसी तरह बहाल की गई।

    स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायत करने पर भी विभागीय अधिकारी फोन नहीं उठाते। कई उपभोक्ताओं ने बताया कि संबंधित जेई और अधिकारियों के सीयूजी नंबर लगातार व्यस्त या बंद मिलते हैं, जिससे समस्या और बढ़ जाती है।

    बिजली विभाग के अनुसार, गर्मी बढ़ने के साथ हर दिन 15 से 20 मेगावॉट तक अतिरिक्त बिजली की मांग बढ़ रही है। सोमवार को जिले में करीब 820 मेगावॉट बिजली की खपत दर्ज की गई। बढ़ते दबाव को देखते हुए ट्रांसमिशन उपकेंद्रों की निगरानी तेज कर दी गई है।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad