हज यात्रा पर रवाना हुए समाजसेवी अब्दुल्ला अंसारी, विदाई में दिखी गंगा-जमुनी तहज़ीब की मिसाल
- मोहम्मद रिजवान
वाराणसी :- बड़ी बाज़ार क्षेत्र के प्रसिद्ध साड़ी व्यवसायी एवं समाजसेवी अब्दुल्ला अंसारी आज अपने परिवार और करीबियों के साथ पवित्र हज यात्रा के लिए रवाना हो गए। उनके प्रस्थान के दौरान बड़ी बाज़ार स्थित आवास पर शुभकामनाएं देने वालों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। खास बात यह रही कि विदाई समारोह में हिंदू और मुस्लिम समाज के सैकड़ों लोग शामिल हुए और आपसी भाईचारे की अनूठी मिसाल पेश की।
विदाई में दिखा भाईचारे का संदेश
अब्दुल्ला अंसारी लंबे समय से व्यापार के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उनके हज यात्रा पर रवाना होने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उनके आवास पर पहुंच गए। लोगों ने फूल-मालाओं से स्वागत कर गले लगाकर उन्हें विदा किया और उनकी यात्रा की सलामती एवं हज की कबूलियत की दुआ की।
स्थानीय नागरिकों का कहना था कि अब्दुल्ला अंसारी का सभी समुदायों के लोगों से आत्मीय रिश्ता है, इसलिए उनकी विदाई में हर वर्ग के लोग शामिल हुए। पूरे कार्यक्रम के दौरान गंगा-जमुनी तहज़ीब और सौहार्द का खूबसूरत नज़ारा देखने को मिला।
“देश में अमन-चैन और तरक्की की दुआ करूंगा”
रवानगी से पहले मीडिया से बातचीत करते हुए अब्दुल्ला अंसारी ने कहा—
“यह सिर्फ एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि इंसानियत, मोहब्बत और शांति का पैगाम है। मैं मक्का-मदीना में देश की तरक्की, अमन-चैन और आपसी भाईचारे के लिए खास दुआ करूंगा।”
उन्होंने बताया कि वह सड़क मार्ग से लखनऊ के लिए रवाना हुए हैं, जहां से अमौसी एयरपोर्ट से उनकी मक्का (सऊदी अरब) के लिए डायरेक्ट फ्लाइट है। यह पवित्र यात्रा करीब 15 दिनों की होगी।
भावुक माहौल में दी गई विदाई
जत्थे के रवाना होते समय माहौल काफी भावुक नजर आया। लोगों ने हाथ उठाकर दुआएं मांगीं और सुरक्षित सफर की कामना की। स्थानीय लोगों ने कहा कि अब्दुल्ला अंसारी जैसे नेकदिल इंसान का हज यात्रा पर जाना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और खुशी की बात है। उनके साथ रवाना हुए अन्य जायरीन के चेहरों पर भी इस मुकद्दस सफर को लेकर खास उत्साह दिखाई दिया।

No comments