काशी में गंगा दशहरा-बकरीद को लेकर हाई अलर्ट, घाटों से बाजारों तक बढ़ी निगरानी
वाराणसी :- गंगा दशहरा और बकरीद के मद्देनज़र जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह सतर्क हो गया है। दोनों पर्वों के दौरान शहर में शांति, सौहार्द और सुरक्षा बनाए रखने के उद्देश्य से प्रशासन ने व्यापक तैयारियों का खाका तैयार किया है। इसी क्रम में यातायात पुलिस लाइन स्थित सभागार में वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में शांति समिति की अहम बैठक आयोजित की गई।बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) शिवहरी मीणा एवं जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने संयुक्त रूप से की। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों के अलावा धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, व्यापार मंडलों के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता तथा जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
अधिकारियों ने बताया कि गंगा दशहरा पर घाटों में उमड़ने वाली भीड़ और बकरीद की नमाज को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को कई स्तरों पर मजबूत किया गया है। संवेदनशील क्षेत्रों की विशेष निगरानी होगी तथा शहर को अलग-अलग सुरक्षा इकाइयों में विभाजित कर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए जल पुलिस, पीएसी और एनडीआरएफ की टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। इसके अलावा ड्रोन कैमरों से निगरानी, मोटर बोट की गश्त, लाइफ सेविंग उपकरण और सार्वजनिक सूचना प्रणाली को भी सक्रिय किया जाएगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों को भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा सहायता और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
बैठक में अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। वहीं धार्मिक नेताओं और समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों ने आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ दोनों पर्व मनाने का संदेश दिया।
प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें और पर्वों के दौरान जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।


No comments