• Breaking News

    अपहरण केस बना प्यार की कहानी, आरोपी प्रेमी संग शादी को लेकर युवती का हंगामा


    वाराणसी के शिवपुर इलाके में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती अपने प्रेमी से शादी कराने की मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गई। युवती का कहना था कि परिवार उसकी शादी कहीं और तय कर रहा है, जबकि वह अपने प्रेमी के साथ ही जीवन बिताना चाहती है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जुट गई और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।

    जानकारी के अनुसार, शिवपुर थाना क्षेत्र के इंदरपुर इलाके में किराए के मकान में रहने वाली युवती का प्रेम संबंध तरना निवासी युवक कुणाल से चल रहा था। कुछ समय पहले दोनों घर छोड़कर चले गए थे, जिसके बाद युवती के परिजनों ने युवक के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। इसी मामले में युवक जेल गया था और हाल ही में जमानत पर बाहर आया है।

    बताया जा रहा है कि युवती लगातार परिवार से कुणाल के साथ शादी कराने की मांग कर रही थी, लेकिन परिजन इसके लिए तैयार नहीं थे। इसी बात से नाराज होकर वह कांशीराम आवास परिसर के पास स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गई और नीचे उतरने से इनकार कर दिया। टंकी पर चढ़ी युवती को देखकर इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

    सूचना मिलने पर शिवपुर पुलिस और चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों और परिजनों ने युवती को काफी देर तक समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही। युवती बार-बार एक ही बात दोहराती रही कि उसकी शादी कुणाल से ही कराई जाए।

    मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने युवती के प्रेमी को भी मौके पर बुलाया, ताकि उसे समझाकर सुरक्षित नीचे उतारा जा सके। घंटों चले समझाने-बुझाने के बाद पुलिस और परिवार के लोग युवती को मनाने में जुटे रहे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले को शांतिपूर्वक सुलझाने की कोशिश कर रही है।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad