• Breaking News

    वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर पुलिस आयुक्त सख्त, अतिक्रमण और ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई

    वाराणसी :- पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी  ने शुक्रवार को वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर व्यापक निरीक्षण करते हुए अतिक्रमण, अवैध स्टैंड, अवैध पार्किंग एवं अव्यवस्थित यातायात के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हाईवे और सार्वजनिक मार्गों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा आमजन को सुरक्षित, सुगम और बाधारहित यातायात उपलब्ध कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
    पुलिस आयुक्त ने लहरतारा चौराहा, मोहनसराय, ट्रांसपोर्ट नगर, मिर्जामुराद और कछवां रोड तक स्थलीय भ्रमण कर यातायात व्यवस्था, सड़क सुरक्षा एवं जनसुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अंडरपास के नीचे संचालित अवैध स्टैंड और दुकानों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रमुख चौराहों और तिराहों को पूर्ण रूप से अतिक्रमण मुक्त रखने पर जोर दिया गया।
    लहरतारा अंडरपास के नीचे सड़क किनारे खड़ी बसों तथा अतिक्रमण कर यातायात बाधित करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं बौलिया तिराहे पर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों, सड़क पर खड़ी बसों, अवैध पार्किंग और अतिक्रमण को लेकर पुलिस आयुक्त ने नाराजगी जताई और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
    मोहनसराय, मातलदेई कट एवं सर्विस लेन पर रांग साइड चल रहे वाहनों, अवैध अतिक्रमण और अव्यवस्थित यातायात को नियंत्रित करने के लिए नियमित ड्यूटी लगाकर सघन चेकिंग अभियान चलाने को कहा गया। कछवां रोड स्थित सब्जी मंडी क्षेत्र में जाम और सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं पर गंभीरता व्यक्त करते हुए थाना प्रभारी मिर्जामुराद और चौकी प्रभारी कछवां रोड को अव्यवस्थित वाहनों एवं अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

    पुलिस आयुक्त ने हाईवे किनारे खड़े वाहनों और विपरीत दिशा में चल रहे वाहनों के कारण बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर कड़ी चेतावनी देते हुए नियमित अभियान चलाने का निर्देश दिया। “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत विशेष चेकिंग अभियान चलाकर बिना नंबर प्लेट, रांग साइड एवं अवैध रूप से परिवर्तित नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।

    विशेष अभियान के दौरान कुल 27 वाहन सीज़ किए गए, जबकि 681 वाहनों का चालान करते हुए 13 लाख 35 हजार रुपये का शमन शुल्क अधिरोपित किया गया। इसके अलावा 05 अतिक्रमणकर्ताओं के विरुद्ध भी प्रभावी कार्रवाई की गई।
    इस दौरान पुलिस उपायुक्त गोमती जोन , अपर पुलिस उपायुक्त यातायात , सहायक पुलिस आयुक्त  समेत अन्य पुलिस अधिकारी एवं पुलिस बल मौजूद रहे।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad