• Breaking News

    बनारस में जाम और हादसों से निपटने के लिए प्रशासन की नई रणनीति, संयुक्त टीम करेगी काम

    वाराणसी :- शहर को जाम और सड़क हादसों से राहत दिलाने के लिए जिला प्रशासन अब सख्त मोड में नजर आ रहा है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें ट्रैफिक पुलिस, परिवहन विभाग और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

    बैठक में शहर की बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था, लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने हेलमेट और सीट बेल्ट अभियान को और प्रभावी ढंग से चलाने के निर्देश दिए। साथ ही ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों पर तत्काल सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा।

    स्कूल वाहनों और ई-रिक्शा संचालन की जांच तेज करने के निर्देश दिए गए। पेट्रोल पंपों से निकलने वाले मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और सड़क किनारे अवैध पार्किंग व अतिक्रमण हटाने पर भी जोर दिया गया।

    कैंट बस स्टेशन क्षेत्र में रोडवेज बसों के कारण लगने वाले जाम को गंभीर समस्या बताते हुए प्रशासन, ट्रैफिक पुलिस, परिवहन विभाग और पीडब्ल्यूडी की संयुक्त टीम बनाकर स्थायी समाधान निकालने का निर्देश दिया गया।

    बैठक में बताया गया कि बार-बार ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले करीब 500 वाहनों के रजिस्ट्रेशन निरस्त करने की कार्रवाई प्रस्तावित है। हाईवे और प्रमुख चौराहों पर एम्बुलेंस व इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम को और मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।

    जिलाधिकारी ने कहा कि केवल चालान काटना ही समाधान नहीं है, बल्कि लोगों को जागरूक करना भी जरूरी है। इसके लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। वहीं पीडब्ल्यूडी को हाईवे से जुड़े संपर्क मार्गों पर सर्विस रोड और स्पीड ब्रेकर बनवाने के निर्देश दिए गए, ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad