• Breaking News

    तवे सा तप रहा बनारस: अगले तीन दिन लू का कहर, राहत के लिए घाटों का रुख कर रहे लोग

    वाराणसी में गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते शहर तप रहा है। मौसम विभाग ने 24 से 26 मई तक लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज पछुआ हवाएं चलने और तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है।

    शहर का अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब चार डिग्री अधिक रहा। वहीं रात का तापमान भी 28.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बढ़ती नमी और गर्म हवाओं के कारण लोगों को दिन के साथ-साथ रात में भी राहत नहीं मिल पा रही है।

    मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार फिलहाल पूर्वी उत्तर प्रदेश में गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है। अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा और लू का प्रभाव और तीव्र हो सकता है। रेड अलर्ट खत्म होने के बाद भी गर्मी से तत्काल राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

    भीषण गर्मी के कारण दोपहर में सड़कें लगभग सुनसान नजर आ रही हैं। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। रात में भी तापमान अधिक रहने के कारण बड़ी संख्या में लोग गंगा घाटों, पार्कों और खुले स्थानों पर समय बिताने पहुंच रहे हैं ताकि कुछ राहत मिल सके।

    पंचक्रोशी यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं को भी कड़ी धूप और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ रहा है। छांव और पानी की व्यवस्था तलाशते हुए यात्रियों को बार-बार विश्राम करना पड़ रहा है।

    मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और लू से बचाव के सभी जरूरी उपाय अपनाने की सलाह दी है। अगले कुछ दिन पूर्वांचल के लिए बेहद गर्म रहने वाले हैं।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad