वाराणसी में बीच-बचाव करने पहुंचे युवक पर हमला, सिर फटने से हालत गंभीर; एक आरोपी गिरफ्तार, देखे वीडियो
वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र स्थित नरिया इलाके में शराब की दुकान के पास हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी के दौरान मामला इतना बढ़ गया कि बीच-बचाव करने पहुंचे युवक पर ही हमला कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, साकेत नगर निवासी चंद्रमा पटेल अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे थे और दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान कुछ युवकों ने उन पर हमला बोल दिया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई, जिसके बाद उन्हें तत्काल ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही लंका थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को हिरासत में लिया। बताया जा रहा है कि पकड़ा गया आरोपी बीएचयू में एमए का छात्र है और मूल रूप से गाजीपुर का रहने वाला है।
पुलिस के मुताबिक घटना शराब की दुकान के पास हुई और प्रारंभिक जांच में आरोपी के नशे में होने की बात सामने आई है। वहीं घायल युवक के भाई चंद्रशेखर की तहरीर पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में इस तरह की घटनाएं आए दिन सामने आती रहती हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल बना रहता है। फिलहाल पुलिस अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।

No comments