भाजपा नेताओं की ‘कुंडली’ जनता के सामने लाएगी कांग्रेस, चौराहों पर लगाए जाएंगे पोस्टर : संजीव सिंह
वाराणसी :- कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता संजीव सिंह ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की राजनीति कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता अजय राय को बदनाम करने के लिए भाजपा संगठित अभियान चला रही है।प्रेसवार्ता में संजीव सिंह ने कहा कि महोबा की दुष्कर्म घटना, महंगाई, बेरोजगारी और बिजली संकट जैसे गंभीर मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के लिए भाजपा नेताओं को आगे किया गया है। उन्होंने दावा किया कि एक एआई जनरेटेड वीडियो के आधार पर अजय राय की छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि भाजपा के कई नेताओं और मंत्रियों पर भी गंभीर मुकदमे दर्ज हैं, लेकिन वे खुद को पाक-साफ दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेस अब वाराणसी से जुड़े भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों का “रिकॉर्ड” जनता के बीच लाएगी। इसके लिए शहर के प्रमुख चौराहों पर पोस्टर लगाए जाएंगे।
संजीव सिंह ने कहा कि अजय राय पर दर्ज अधिकांश मुकदमे राजनीतिक प्रतिशोध के तहत लगाए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि कोरोना काल में जरूरतमंदों को राशन बांटने जैसे मामलों में भी मुकदमे दर्ज किए गए। कांग्रेस नेता ने कहा कि पार्टी भाजपा की हर “राजनीतिक साजिश” का जवाब देगी और जनता के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी।
उन्होंने भाजपा सरकार पर महंगाई, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, घरेलू गैस और बिजली कटौती जैसे मुद्दों पर विफल रहने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता अब भाजपा की रणनीति को समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी।
प्रेसवार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजनेश्वर पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, उपाध्यक्ष संतनाम सिंह समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


No comments