• Breaking News

    वाराणसी समेत पूर्वांचल में बदलेगा मौसम का मिजाज, नौतपा रहेगा बेअसर; बादलों और पुरवा हवाओं से मिलेगी राहत

    वाराणसी :-
    पूर्वांचल सहित वाराणसी में नौतपा के बीच मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से परेशान लोगों को आने वाले दिनों में राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक पूरे सप्ताह आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, जिससे तापमान नियंत्रित रहेगा और गर्म हवाओं का असर कम पड़ेगा।

    गुरुवार सुबह शहर में ठंडी हवाएं चलने से मौसम सुहाना बना रहा, हालांकि दिन चढ़ने के साथ गर्मी का असर बढ़ा। इसके बावजूद मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पछुआ और पुरवा हवाओं के मेल से वातावरण में नमी बढ़ रही है, जिससे प्री-मानसूनी गतिविधियां तेज होंगी। लोकल हीटिंग के कारण बादलों का निर्माण होगा और बीच-बीच में ठंडी हवाएं लोगों को राहत देंगी।

    मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 0.8 डिग्री कम है। न्यूनतम आर्द्रता 33 प्रतिशत और अधिकतम 67 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि वातावरण में बढ़ती नमी और तापमान में गिरावट इस बात का संकेत है कि आने वाले दिनों में बादलों की सक्रियता और बढ़ सकती है।

    अनुमान है कि जल्द ही आसमान में घने बादल छाएंगे और कई इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी भी हो सकती है। इससे तापमान में और गिरावट आएगी तथा उमस के बावजूद तेज गर्मी से राहत मिलेगी।

    पूर्वांचल में कब पहुंचेगा मानसून

    पूर्वांचल में सामान्य तौर पर मानसून 18 से 20 जून के बीच सोनभद्र के रास्ते प्रवेश करता है, लेकिन इस बार इसके थोड़ा पहले पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण भारत के समुद्री क्षेत्रों में मानसूनी गतिविधियां सक्रिय हो चुकी हैं और जल्द ही मानसून केरल व तमिलनाडु तट से आगे बढ़ेगा।

    विशेषज्ञों का अनुमान है कि सोनभद्र क्षेत्र में मानसून 15 जून के आसपास दस्तक दे सकता है। इससे पहले पूरे पूर्वांचल में प्री-मानसूनी हालात बने रहेंगे और बादलों की आवाजाही के साथ हल्की बारिश का दौर शुरू हो सकता है।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad