वाराणसी: काशी विद्यापीठ में छात्रा पर हमला, सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर ने लगाए गंभीर आरोप
वाराणसी :- महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में शुक्रवार को परीक्षा के बाद उस समय हंगामा मच गया, जब एक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर छात्रा के साथ कैंपस में मारपीट की घटना सामने आई। छात्रा का आरोप है कि कुछ लड़कियों ने उसे घेरकर बाल पकड़कर पीटा और जमीन पर गिरा दिया। उसने कपड़े फाड़ने की कोशिश का भी आरोप लगाया है।
बताया जा रहा है कि मास कम्युनिकेशन की छात्रा वैष्णवी चौथे सेमेस्टर की आखिरी परीक्षा देने विश्वविद्यालय पहुंची थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्र-छात्राएं फेयरवेल के माहौल में एक-दूसरे के साथ समय बिता रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
वैष्णवी का कहना है कि वह परीक्षा देकर बाहर निकल रही थी, तभी कुछ छात्राओं ने उस पर टिप्पणी की। जवाब में उसने एक छात्रा को “मोटी” कह दिया। इसी बात पर विवाद बढ़ गया और तीन लड़कियों ने मिलकर उसे दौड़ाकर पीटना शुरू कर दिया।
छात्रा के मुताबिक, उसे कैंपस में गिराकर मारा गया और मौके पर मौजूद कई लोग तमाशबीन बने रहे। कुछ छात्राओं ने बीच-बचाव की कोशिश जरूर की, लेकिन हमला करने वाली लड़कियां नहीं रुकीं।
घटना के बाद वैष्णवी ने मीडिया से बातचीत में रोते हुए कहा कि उसे जानबूझकर बदनाम करने की कोशिश की गई। उसने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसके कपड़े तक फाड़ने की कोशिश की गई।
जानकारी के अनुसार, वैष्णवी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव है और इंस्टाग्राम पर उसके दो अकाउंट हैं, जिन पर हजारों फॉलोअर्स जुड़े हुए हैं। वह लाइफस्टाइल, ब्यूटी और डेली व्लॉग्स से जुड़े वीडियो बनाती है।
वहीं विश्वविद्यालय की कुछ छात्राओं का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था और शुक्रवार को कहासुनी के बाद मामला हिंसक हो गया।
मामले में सिगरा थाना पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस विश्वविद्यालय प्रशासन और चीफ प्रॉक्टर से जानकारी जुटा रही है।

No comments