वाराणसी में गंगा के बीच शराबखोरी का वायरल वीडियो पड़ा भारी, आरोपी की तलाश में बिहार पहुंची पुलिस टीम
वाराणसी :- सोशल मीडिया पर गंगा नदी के बीच बीयर पीते हुए वायरल हुए युवक के मामले में वाराणसी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने युवक की पहचान कर ली है, जो बिहार के रोहतास जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम बिहार रवाना हो गई है।
मामले को लेकर दशाश्वमेघ थाने में अधिवक्ता शशांक शेखर त्रिपाठी की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच के दौरान युवक की पहचान सुनिश्चित कर ली गई है।
दशाश्वमेघ क्षेत्र के एसीपी डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि गंगा में शराब या किसी भी प्रकार के नशे का सेवन करना पूरी तरह अनुचित है। यह न केवल कानून व्यवस्था से जुड़ा मामला है, बल्कि करोड़ों लोगों की धार्मिक आस्था से भी संबंधित है। उन्होंने कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर वाराणसी लाया जाएगा और आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने काशी आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे धार्मिक स्थलों और गंगा घाटों की मर्यादा बनाए रखें। गंगा भारतीय संस्कृति और सनातन आस्था का प्रमुख प्रतीक है, ऐसे में इस तरह की गतिविधियां सामाजिक और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाती हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखने को मिली। लोगों ने ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति धार्मिक स्थलों की गरिमा भंग करने का प्रयास न करे। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गंगा घाटों पर अशोभनीय गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

No comments