• Breaking News

    काशी विश्वनाथ धाम में फर्जी VIP दर्शन गिरोह पर कार्रवाई, श्रद्धालुओं से ठगी करने वाले 25 आरोपी गिरफ्तार


    वाराणसी :-
    श्री काशी विश्वनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं को वीआईपी और स्पर्श दर्शन का लालच देकर पैसे ऐंठने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रविवार तड़के चौक और दशाश्वमेध थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर 25 लोगों को गिरफ्तार किया। आरोप है कि ये लोग खुद को पुजारी, मंदिर कर्मी या दर्शन व्यवस्था से जुड़ा बताकर श्रद्धालुओं को झांसे में लेते थे और उनसे मोटी रकम वसूलते थे।

    सुबह-सुबह चला विशेष अभियान

    पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि मंदिर परिसर और आसपास के घाटों पर सक्रिय कुछ लोग श्रद्धालुओं को विशेष दर्शन कराने का भरोसा देकर ठग रहे हैं। शिकायतों के आधार पर रविवार सुबह 4 बजे से 5 बजे के बीच विशेष अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान चौक थाना क्षेत्र से 22 और दशाश्वमेध थाना क्षेत्र से 3 लोगों को हिरासत में लिया गया।

    सादे कपड़ों में तैनात किए गए पुलिसकर्मी

    एसीपी दशाश्वमेध अतुल त्रिपाठी के अनुसार, अभियान को सफल बनाने के लिए हाल ही में भर्ती हुए महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों को सादे कपड़ों में मंदिर क्षेत्र और घाटों पर तैनात किया गया। चूंकि दलाल उन्हें पहचानते नहीं थे, इसलिए वे आसानी से उनके संपर्क में आ गए। कार्रवाई के दौरान कुछ आरोपी भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।

    500 से 2000 रुपये तक वसूली का आरोप

    जांच में सामने आया कि आरोपी श्रद्धालुओं को जल्दी दर्शन, वीआईपी प्रवेश और स्पर्श दर्शन का प्रलोभन देकर उनसे 500 रुपये से लेकर 2000 रुपये तक वसूलते थे। कई लोग पंडितों जैसा वेश धारण कर खुद को मंदिर प्रशासन या न्यास से जुड़ा कर्मचारी बताते थे, जिससे श्रद्धालु आसानी से उनके झांसे में आ जाते थे।

    सभी आरोपियों पर मुकदमा दर्ज

    पुलिस ने गिरफ्तार किए गए सभी 25 आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि दर्शन से जुड़ी किसी भी सुविधा के लिए केवल अधिकृत व्यवस्था का ही उपयोग करें और किसी अजनबी के बहकावे में न आएं।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad