“तीन गाड़ियों के साथ आया था, जाम में फंसने को बना दिया काफिला” — मंत्री हंसराज विश्वकर्मा की सफाई
वाराणसी :- उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री पद की शपथ लेने के बाद पहली बार अपने गृह जनपद पहुंचे भाजपा नेता हंसराज विश्वकर्मा सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों को लेकर चर्चा में हैं। इंटरनेट मीडिया पर उनकी गाड़ियों के कथित लंबे काफिले और सड़क जाम की तस्वीरें तेजी से साझा की जा रही हैं।
इन तस्वीरों पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि लखनऊ से वाराणसी तक उनके साथ केवल तीन गाड़ियां थीं। स्वागत के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस और प्रशासन की दो गाड़ियां अतिरिक्त रूप से साथ लगी थीं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने पहले ही समर्थकों और कार्यकर्ताओं से अधिक गाड़ियों के साथ न आने की अपील की थी। मंत्री के अनुसार मंडुआडीह क्षेत्र में वह स्वयं भी ट्रैफिक जाम में फंस गए थे, लेकिन उसी दौरान ली गई तस्वीरों को “लंबे-चौड़े काफिले” के रूप में सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया।
हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि उन्हें अभी नई जिम्मेदारी मिली है और लोगों को उनके काम के लिए थोड़ा समय देना चाहिए। साथ ही उन्होंने अपील की कि गलत तस्वीरें और भ्रामक जानकारी फैलाकर उनकी छवि खराब न की जाए।

No comments