फोन पर आया इमरजेंसी अलर्ट, हीट वेव की चेतावनी से मचा हड़कंप
वाराणसी :- रविवार दोपहर पूर्वांचल समेत देश के कई हिस्सों में मोबाइल फोन उपयोगकर्ताओं को अचानक एक विशेष चेतावनी संदेश प्राप्त हुआ। अलर्ट आते ही मोबाइल फोन तेज वाइब्रेशन करने लगे और विशेष चेतावनी ध्वनि सुनाई देने लगी, जिससे कई लोग एक पल के लिए हैरान रह गए।
यह संदेश भीषण गर्मी और हीट वेव को लेकर जारी किया गया था। स्क्रीन पर दिखाई दिए अलर्ट में लोगों को अगले 24 घंटों तक सावधानी बरतने की सलाह दी गई। संदेश में बताया गया कि वाराणसी, चंदौली, भदोही और मिर्जापुर समेत आसपास के जिलों में तेज गर्मी और लू का प्रभाव बना रह सकता है।
अलर्ट में नागरिकों से दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की गई। अचानक मिले इस आपातकालीन संदेश को देखकर कई लोगों ने सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा भी की।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी 24 घंटे पूर्वांचल के लिए बेहद गर्म रहने वाले हैं और तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा सकता है। प्रशासन ने भी लोगों से सतर्क रहने तथा स्वास्थ्य संबंधी सलाह का पालन करने की अपील की है।

No comments