• Breaking News

    वाराणसी में दर्दनाक सड़क हादसा: डिवाइडर से टकराई बाइक, युवक की मौत; साथी गंभीर रूप से घायल


    वाराणसी :-
    चौबेपुर थाना क्षेत्र के डुबकियां बाजार के पास रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे का उपचार जारी है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार पकरौल गांव निवासी 23 वर्षीय आनंद मिश्रा अपने साथी पंकज पांडेय के साथ बाइक से वाराणसी की ओर जा रहे थे। रविवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे उनकी बाइक डुबकियां पेट्रोल पंप के सामने पहुंची ही थी कि अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में जा गिरी और दोनों युवक सड़क पर दूर तक फिसलते चले गए।

    अस्पताल पहुंचते ही युवक ने तोड़ा दम

    हादसे में आनंद मिश्रा को गंभीर चोटें आईं, जबकि पंकज पांडेय भी घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरपतपुर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद आनंद को मृत घोषित कर दिया। घायल पंकज का इलाज एक निजी अस्पताल में कराया जा रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

    आधार कार्ड से हुई पहचान, परिवार में मचा मातम

    घटना की सूचना पर चौबेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के पास मिले आधार कार्ड के जरिए उसकी पहचान की गई। इसके बाद परिजनों को हादसे की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

    मृतक के भाई अंशुल मिश्रा ने बताया कि आनंद घर से किस काम से वाराणसी जा रहे थे, इसकी जानकारी परिवार के किसी सदस्य को नहीं थी। आनंद चार भाइयों में सबसे छोटे थे और अभी उनका विवाह नहीं हुआ था।

    पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

    पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चौबेपुर पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में बाइक के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के कारण हादसा होने की बात सामने आई है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

    अवैध कट बना हादसों का कारण

    स्थानीय लोगों ने बताया कि डुबकियां बाजार के सामने हाईवे पर बना अवैध कट लंबे समय से दुर्घटनाओं की वजह बना हुआ है। यहां आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं, लेकिन इसके बावजूद इसे बंद नहीं किया गया है।

    ग्रामीणों के अनुसार कुछ दिन पहले राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों और डीसीपी वरुणा जोन ने हाईवे का निरीक्षण कर अवैध कटों को बंद कराने के निर्देश दिए थे, लेकिन डुबकियां बाजार के सामने स्थित यह कट अब भी खुला हुआ है। लोगों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर इस कट को बंद कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad