वाराणसी में ‘बाटी-चोखा’ को लेकर दोस्तों में खूनी विवाद, तीन आरोपी गिरफ्तार भेजे गए जेल
वाराणसी :- शिवपुर थाना क्षेत्र में दोस्तों के बीच आयोजित बाटी-चोखा पार्टी विवाद और मारपीट तक पहुंच गई। मामला इतना बढ़ गया कि एक अधिवक्ता समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, 24 मई को फुलवरिया कैंट स्थित डिफेंस कॉलोनी निवासी अरविंद यादव अपने दोस्तों के साथ तरना क्षेत्र के चमाव शहाबुद्दीनपुर स्थित खाली प्लॉट पर बाटी-चोखा कार्यक्रम करने पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव के कुछ युवक वहां पहुंचे और उन्हें बाटी-चोखा नहीं खिलाने को लेकर विवाद करने लगे।
देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। आरोप है कि भुआल सिंह, अनिल सिंह और उनके साथियों ने हमला कर दिया। इस दौरान अधिवक्ता श्रीनाथ मिश्रा के सिर पर गंभीर चोट लगी, जबकि एक अन्य युवक भी घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पीड़ित अरविंद यादव की तहरीर पर शिवपुर थाने में तीन नामजद समेत छह अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की।
थाना प्रभारी अजीत वर्मा ने बताया कि मंगलवार शाम करीब छह बजे कचहरी परिसर से अनिल सिंह, भुआल सिंह और भरत सिंह को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद बुधवार को तीनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है। अधिकारियों ने साफ कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की हिंसा और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

No comments