वाराणसी में किराना दुकानदार की गोली मारकर हत्या, दुकान बंद कर लौटते समय बदमाशों ने बनाया निशाना
वाराणसी :- रोहनिया थाना क्षेत्र के अवलेशपुर स्थित सौरभ विहार कॉलोनी में बुधवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। घर लौट रहे एक दुकानदार को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल दुकानदार को उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों में ले जाया गया, लेकिन ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, अवलेशपुर निवासी जितेंद्र पटेल रात करीब 10:30 बजे अपनी जनरल स्टोर की दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली उनकी कमर के पास लगी। घायल अवस्था में भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और किसी तरह बाइक चलाकर अपने घर पहुंच गए, जहां परिजनों को घटना की जानकारी दी।
परिजन तत्काल उन्हें इलाज के लिए अवलेशपुर के एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन वहां भर्ती नहीं किया गया। इसके बाद दूसरे अस्पताल में भी प्रयास किया गया, मगर हालत गंभीर होने के कारण उन्हें भर्ती नहीं किया गया। सूचना मिलने पर स्थानीय जनप्रतिनिधि कमलेश पाल ने पुलिस को अवगत कराया और घायल को ट्रामा सेंटर पहुंचाने में मदद की।
ट्रामा सेंटर में डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार शुरू हुआ। शुरुआती जांच के बाद हालत स्थिर बताई जा रही थी, लेकिन तड़के करीब चार बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
मृतक जितेंद्र पटेल अपने परिवार के बड़े पुत्र थे और पत्नी के साथ मिलकर जनरल स्टोर का संचालन करते थे। उनके दो बच्चे हैं। घटना के समय उनकी पत्नी मायके गई हुई थीं।
घटना की सूचना पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। इलाके में हुई इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और उन्होंने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

No comments