वाराणसी में दिनदहाड़े ठेकेदार से लूट करने वाले तीन आरोपी 12 घंटे में गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद किए मोबाइल और नकदी
वाराणसी :- सारनाथ थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े ठेकेदार से लूट की घटना को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम का हिस्सा, मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार चोलापुर थाना क्षेत्र के मुर्दहा निवासी ठेकेदार अजय कुमार यादव सोमवार दोपहर बरियासनपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सिंहपुर रिंग रोड फ्लाईओवर के पास बाइक सवार तीन युवकों ने उनकी गाड़ी रोक ली। आरोप है कि युवकों ने पहले उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की, फिर उनकी तलाशी लेकर 12 हजार रुपये नकद छीन लिए।
इतना ही नहीं, बदमाशों ने ठेकेदार का मोबाइल अपने कब्जे में लेकर फोनपे वॉलेट के जरिए करीब 91 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही सारनाथ पुलिस हरकत में आई और मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए हृदयपुर अंडरपास के पास से तीनों आरोपियों को दबोच लिया।
अपर पुलिस उपायुक्त (वरुणा जोन) लिपि नागयाच ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनीश कुमार चौबे उर्फ विशाल चौबे, धीरज यादव उर्फ गोलू और अनिकेत यादव उर्फ गोलू के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन, लूट की रकम में से 2,510 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार तीनों पर पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

No comments