पेपर लीक, महंगाई और अपराध के मुद्दे पर सपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
वाराणसी :- समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को बढ़ती महंगाई, अपराध, भ्रष्टाचार, प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक, बिजली कटौती और बिजली दरों में बढ़ोतरी के खिलाफ शास्त्री घाट पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध जताया।
प्रदर्शन के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय की ओर मार्च निकालने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें बीच रास्ते में रोक लिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली। बाद में कार्यकर्ताओं ने आंबेडकर पार्क की परिक्रमा की और शास्त्री घाट पर सभा का आयोजन किया। इसके बाद राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन अपर नगर मजिस्ट्रेट तृतीय देवेंद्र कुमार को सौंपा गया।
सभा को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई से आम लोगों की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। उन्होंने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के बढ़ते दामों ने गरीब और मध्यम वर्ग की आर्थिक स्थिति पर गंभीर असर डाला है। साथ ही किसानों को पर्याप्त डीजल नहीं मिलने की बात भी उठाई।
स्नातक एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने सरकार पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने और जनता से जुड़े मुद्दों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। वहीं पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि प्रदेश में सपा कार्यकर्ताओं के साथ उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ रही हैं।
जिला प्रवक्ता संतोष यादव बबलू ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने से लाखों युवाओं के भविष्य पर असर पड़ रहा है और सरकार को इस दिशा में गंभीर कदम उठाने चाहिए।
प्रदर्शन में पूर्व विधायक उदयलाल मौर्य, पूर्व मंत्री रीबू श्रीवास्तव, किशन दीक्षित, राजू यादव, आनंद मौर्य, डॉ. उमाशंकर सिंह यादव, डॉ. ओपी सिंह, विष्णु शर्मा, डॉ. सुभाष राजभर, गणेश यादव, हरीश मिश्रा, महेंद्र सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

No comments