योग दिवस 2026: गंगोत्री से गंगासागर तक चलेगा जागरूकता अभियान, वाराणसी और प्रयागराज में होंगे विशेष आयोजन
- मोहम्मद रिजवान
वाराणसी :- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर इस वर्ष देशभर में योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा। "योग फॉर हेल्दी एजिंग" (स्वस्थ एवं सक्रिय वृद्धावस्था के लिए योग) थीम के तहत गंगोत्री से गंगासागर तक विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य बुजुर्गों सहित समाज के सभी वर्गों को योग के माध्यम से स्वस्थ, संतुलित और खुशहाल जीवन के प्रति प्रेरित करना है।
योग विशेषज्ञों के अनुसार नियमित योगाभ्यास, प्राणायाम और ध्यान न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि मानसिक संतुलन एवं सकारात्मकता भी प्रदान करते हैं। विशेष रूप से बढ़ती उम्र में योग व्यक्ति को सक्रिय, आत्मनिर्भर और ऊर्जावान बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
अभियान के तहत 16 जून को प्रयागराज के सरस्वती घाट तथा 17 जून को वाराणसी के रविदास घाट पर विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें नागरिकों, विद्यार्थियों, युवाओं, योग साधकों एवं वरिष्ठ नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रमों के दौरान योग और स्वस्थ वृद्धावस्था विषय पर विशेषज्ञों के व्याख्यान भी होंगे।देशभर में होंगे विविध आयोजन
पिछले 12 वर्षों से 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। इस वर्ष घोषित थीम के अनुरूप केंद्र और राज्य सरकारें लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रही हैं। उत्तर प्रदेश में इस अभियान की जिम्मेदारी आयुष विभाग को सौंपी गई है।
राष्ट्रीय आयुष मिशन की महानिदेशक चैत्रा वी. ने बताया कि शैक्षणिक संस्थानों, आयुष अस्पतालों, योग संगठनों, स्थानीय निकायों, एनएसएस, एनसीसी कैडेटों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से योग के लाभों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति के जीवन को स्वस्थ, संतुलित, सुखद और अधिक उत्पादक बनाने का प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने बताया कि "योग फॉर हेल्दी एजिंग" थीम का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य-केंद्रित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है, जिससे एक अधिक स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण हो सके।
गंगा तटों पर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर देशभर में कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। "गंगोत्री से गंगासागर" अभियान के अंतर्गत प्रयागराज और वाराणसी में बड़े पैमाने पर योग सत्र, विशेषज्ञ संवाद, जनभागीदारी कार्यक्रम और जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।
इसके साथ ही गंगा तटों पर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता से जुड़े विशेष कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। आयुष विभाग का लक्ष्य है कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर उसे जनजीवन का अभिन्न हिस्सा बनाया जाए, ताकि स्वस्थ भारत के निर्माण की दिशा में व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित हो सके।


No comments