भाजपा ने वाराणसी स्नातक सीट पर शुरू की चुनावी तैयारी, जल्द घोषित हो सकता है उम्मीदवार
वाराणसी :- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने वर्ष 2026 में होने वाले वाराणसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी इस सीट पर जीत सुनिश्चित करने के लिए रणनीति तैयार कर रही है। वर्तमान में इस सीट का प्रतिनिधित्व समाजवादी पार्टी के एमएलसी आशुतोष सिन्हा कर रहे हैं।
दिसंबर 2026 में प्रस्तावित स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को देखते हुए भाजपा संगठन स्तर पर मंथन कर रही है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि पार्टी जल्द ही अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर सकती है।
हाल ही में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के वाराणसी दौरे के दौरान स्नातक एमएलसी टिकट के संभावित दावेदार सक्रिय नजर आए। कई नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात कर अपनी दावेदारी भी प्रस्तुत की।भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने कहा कि पार्टी शीघ्र ही उम्मीदवार के नाम पर निर्णय लेगी। उन्होंने संकेत दिया कि संगठन के पुराने और सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जा सकती है। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा इस बार पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और जीत दर्ज करेगी।
इस बीच, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़े पूर्व छात्र नेता और कार्यकर्ता भी टिकट की दौड़ में बताए जा रहे हैं। एबीवीपी के पूर्व कार्यकर्ता राजीव पाण्डेय ने कहा कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में विद्यार्थी परिषद की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है और संगठन से जुड़े कई पुराने कार्यकर्ता संभावित दावेदारों में शामिल हैं।
गौरतलब है कि पिछले स्नातक एमएलसी चुनाव में भाजपा उम्मीदवार केदारनाथ सिंह को पराजय का सामना करना पड़ा था। इस बार भी उनका नाम संभावित दावेदारों में चर्चा में है और उनके समर्थक टिकट की दावेदारी को लेकर सक्रिय हैं।
वहीं, समाजवादी पार्टी ने वर्तमान एमएलसी आशुतोष सिन्हा पर दोबारा भरोसा जताते हुए उन्हें आगामी चुनाव के लिए प्रत्याशी घोषित कर दिया है। ऐसे में वाराणसी स्नातक सीट पर भाजपा और सपा के बीच मुकाबला रोचक होने की संभावना है।


No comments