अश्लील वीडियो बनाकर विवाहिता को करता रहा ब्लैकमेल, वर्षों तक शारीरिक शोषण का आरोप; ACP के आदेश पर मुकदमा दर्ज
वाराणसी :- मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने पड़ोसी युवक पर अश्लील वीडियो और फोटो के जरिए ब्लैकमेल कर वर्षों तक शारीरिक शोषण करने तथा जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में एसीपी राजातालाब के निर्देश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार उसकी शादी वर्ष 2014 में हुई थी और उसके दो बेटे हैं। आरोप है कि गांव के ही रहने वाले रितेश पाल ने उसे प्रेमजाल में फंसाकर शारीरिक संबंध बनाए और इस दौरान चोरी-छिपे उसके अश्लील फोटो व वीडियो तैयार कर लिए। बाद में इन्हीं फोटो और वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर वह लगातार उसका शोषण करता रहा।महिला का पति रोजगार के सिलसिले में गुजरात के सूरत में रहता है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी वहां भी पहुंच गया और फोटो-वीडियो सार्वजनिक करने तथा बच्चों को नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर उसका उत्पीड़न करता रहा। सामाजिक बदनामी और परिवार की सुरक्षा की चिंता में वह लंबे समय तक चुप रही।
पीड़िता ने बताया कि हाल के दिनों में आरोपी के फोन कॉल और दबाव बढ़ने पर उसने पूरी घटना अपने पति को बताई। इसके बाद आरोपी ने विभिन्न मोबाइल नंबरों से उसके पति को आपत्तिजनक संदेश भेजने शुरू कर दिए और जान से मारने की धमकियां भी दीं। इतना ही नहीं, महिला के माता-पिता को भी फोन कर गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया गया।
लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर पीड़िता ने एसीपी राजातालाब से न्याय की गुहार लगाई। प्रार्थना पत्र और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मिर्जामुराद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


No comments