वाराणसी: नमो घाट पर गहरे पानी ने ली दो किशोरों की जान, कड़ी मशक्कत के बाद शव निकाले गए
वाराणसी के नमो घाट पर बुधवार सुबह गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बिहार से वाराणसी आए दो किशोर स्नान करते समय गहरे पानी में चले गए और डूब गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस, एनडीआरएफ और गोताखोरों की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों किशोरों के शव बाहर निकाले गए।
आदमपुर थाना प्रभारी के मुताबिक बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी राजीव रंजन (17), आदित्य कुमार (16) और आयुष कुमार (15) बुधवार सुबह लगभग 5:30 बजे नमो घाट पहुंचे थे। स्नान के दौरान राजीव और आयुष नमस्ते हैंड के पास गंगा में उतरे, लेकिन कुछ ही देर में दोनों गहरे पानी में पहुंच गए और डूबने लगे।
मौके पर मौजूद उनके साथी आदित्य और अन्य लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और खोज अभियान शुरू किया।
काफी प्रयास के बाद दोनों किशोरों के शव गंगा से बरामद कर लिए गए। बताया जा रहा है कि राजीव और आदित्य वाराणसी में पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा देने आए थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजन वाराणसी के लिए रवाना हो गए।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, नमो घाट पर लगातार हो रही डूबने की घटनाओं के बावजूद लोग गहरे पानी में उतर रहे हैं, जिससे ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति हो रही है।

No comments