• Breaking News

    काशी में मौसम ने बदली करवट, प्री-मानसून की दस्तक; अगले कुछ दिनों में बारिश के संकेत

    वाराणसी में प्री-मानसून गतिविधियां धीरे-धीरे असर दिखाने लगी हैं। बुधवार सुबह तेज धूप जरूर देखने को मिली, लेकिन गर्मी का असर पहले की तुलना में कुछ कम महसूस हुआ। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले तीन दिनों में मौसम का मिजाज बदल सकता है और बारिश के साथ बादलों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है।

    मंगलवार को दिनभर तेज धूप और उमस भरी गर्मी रही, लेकिन शाम होते-होते मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज धूल भरी हवाओं ने लोगों को गर्मी से कुछ राहत दी। करीब 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं के कारण तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई। महज आधे घंटे के भीतर पारा 37 डिग्री से गिरकर लगभग 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

    मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं बाबतपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी भी दर्ज की गई। शहर में हवा में नमी का स्तर लगभग 65 प्रतिशत तक पहुंच गया।

    शाम करीब छह बजे मौसम विभाग ने संभावित खराब मौसम को देखते हुए चेतावनी जारी की। विभाग ने गरज-चमक, बारिश और तेज आंधी की आशंका जताई थी। कुछ इलाकों में तेज हवाओं की रफ्तार काफी अधिक रहने की संभावना भी व्यक्त की गई।

    मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसका असर पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में देखने को मिल सकता है। चार से छह जून के बीच मौसम में बदलाव और बारिश की संभावना बनी हुई है।

    मानसून को लेकर अभी इंतजार जारी

    काशी में मानसून के आगमन को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, जब तक मानसून केरल के मुख्य भूभाग में पूरी तरह प्रवेश नहीं करता, तब तक उत्तर प्रदेश में इसके पहुंचने की तारीख का सटीक अनुमान लगाना मुश्किल है। केरल में मानसून की स्थिति, हवाओं की दिशा और वातावरण में नमी के स्तर का अध्ययन करने के बाद ही आगे का पूर्वानुमान जारी किया जाएगा।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad