पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग, दो गार्ड घायल; CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके में चर्चित शिक्षक और यूट्यूबर खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर गोलीबारी की घटना सामने आई है। घटना में दो सुरक्षाकर्मी घायल बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती जांच में मामला आपसी विवाद या मारपीट से जुड़ा नजर आ रहा है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
घटना को लेकर खान सर ने बताया कि हाल ही में बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा के परिणाम आए थे, जिनमें उनके संस्थान के कई छात्रों ने सफलता हासिल की थी। इसी खुशी में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। उन्होंने कहा कि बाद में फायरिंग की सूचना मिली और घायल सुरक्षाकर्मियों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
खान सर ने आशंका जताई कि घटना के पीछे कुछ प्रतिस्पर्धी कोचिंग संचालकों की भूमिका हो सकती है, हालांकि इस दावे की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने यह भी दावा किया कि हमलावरों ने धमकी दी और परिसर में तोड़फोड़ की।
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आधिकारिक रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है।

No comments