दिल्ली अग्निकांड के बाद वाराणसी में सतर्कता बढ़ी, होटल कर्मचारियों को दी जाएगी फायर सेफ्टी की विशेष ट्रेनिंग
दिल्ली के मालवीय नगर में हुए भीषण अग्निकांड में 21 लोगों की मौत के बाद देशभर में सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भी अग्निशमन विभाग ने सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान शुरू किया है। शहर के होटल और लॉज कर्मचारियों को जल्द ही फायर सेफ्टी से जुड़ी विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) आनंद सिंह राजपूत ने बताया कि वाराणसी में 400 से अधिक छोटे-बड़े होटल संचालित हैं। इन सभी होटलों में फायर सेफ्टी से जुड़े इंतजामों की जांच की जा रही है। शहर के पांचों फायर स्टेशन की टीमें लगातार विभिन्न होटलों का निरीक्षण कर रही हैं और वहां मौजूद सुरक्षा उपकरणों की स्थिति का आकलन कर रही हैं।अधिकारियों द्वारा यह भी देखा जा रहा है कि होटलों में लगाए गए फायर सेफ्टी उपकरण सही तरीके से काम कर रहे हैं या नहीं। इसके अलावा कर्मचारियों की क्षमता का भी परीक्षण किया जा रहा है कि वे आपातकाल के दौरान इन उपकरणों का संचालन करने में सक्षम हैं या नहीं।
कर्मचारियों को मिलेगा प्रशिक्षण
सीएफओ ने बताया कि निरीक्षण के दौरान जिन स्थानों पर कर्मचारियों को फायर सेफ्टी उपकरणों के संचालन में कठिनाई दिखाई दे रही है, वहां अग्निशमन विभाग की ओर से विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। होटल संचालकों को भी इस संबंध में जानकारी दी जा रही है ताकि कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण मिल सके।105 होटलों को जारी किया गया नोटिस
अग्निशमन विभाग की जांच के दौरान अब तक शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 105 होटलों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। अधिकारियों के अनुसार जिन होटलों में फायर सेफ्टी मानकों में कमी पाई गई है, उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। तय समय में सुधार नहीं होने पर संबंधित होटल संचालकों के खिलाफ आगे की कार्रवाई भी की जाएगी।




No comments