दो युवकों की संदिग्ध मौत से हड़कंप: कमरे और बाथरूम के पास मिले शव, हत्या या आत्महत्या? जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी :- कमिश्नरेट के चोलापुर थाना क्षेत्र के बनियापुर गांव में दो युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। साथ रहने वाले अभिजीत गांगुली और निहाल सिंह के शव अलग-अलग स्थानों पर मिलने के बाद पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। फिलहाल हत्या, आत्महत्या और अन्य संभावित कारणों को लेकर जांच जारी है।जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से दोनों शव बरामद किए। अभिजीत गांगुली का शव कमरे के अंदर पड़ा मिला, जबकि निहाल सिंह का शव बाथरूम के पास मिला। घटनास्थल से एक सल्फास का पैकेट भी बरामद हुआ है। साथ ही दोनों के मुंह से झाग निकलने की बात सामने आने के बाद जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका भी जताई जा रही है।मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी, डीसीपी समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतकों में से एक के सिर पर चोट के निशान और खून निकलने की बात भी सामने आई है, जिससे घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक दोनों युवक लंबे समय से साथ रह रहे थे और शराब पीने के आदी बताए जा रहे हैं।
डीसीपी प्रमोद कुमार ने बताया कि दोनों मृतक अविवाहित थे और एक ही स्थान पर रहते थे। एक शव कमरे में तथा दूसरा बाथरूम के पास मिला है। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मृतकों के मोबाइल फोन और अन्य सामान की भी जांच की जा रही है। दोहरे मौत के इस मामले ने इलाके में कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनके जवाब अब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आ सकेंगे।




No comments