• Breaking News

    बनारस में गर्मी का कहर जारी, लगातार चौथी रात देश में सबसे गर्म; दिन में तीसरे स्थान पर रहा शहर

    • मोहम्मद रिजवान

    वाराणसी :- पूर्वांचल में भीषण गर्मी और उष्ण लहर का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। हालात ऐसे हैं कि दिन के साथ-साथ रातें भी लोगों को राहत नहीं दे पा रही हैं। शनिवार को लगातार चौथी रात वाराणसी देश की सबसे गर्म रात दर्ज करने वाला शहर रहा, जबकि दिन के अधिकतम तापमान के मामले में शहर पूरे देश में तीसरे स्थान पर बना रहा।

    मौसम विभाग के अनुसार अगले चार से पांच दिनों तक तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। फिलहाल मानसून की प्रगति भी थमी हुई है और 25 जून से पहले मौसम में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं दिखाई दे रहे हैं। हालांकि शनिवार दोपहर बाद शहर के कुछ हिस्सों में तेज आंधी और हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई, लेकिन उमस और गर्मी का असर बरकरार रहा।

    सुबह से निकली तेज धूप और वातावरण में मौजूद नमी के कारण लोगों को वास्तविक तापमान से कहीं अधिक गर्मी महसूस हुई। दोपहर एक बजे तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि महसूस होने वाला तापमान करीब 47 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके बाद बादलों की आवाजाही के चलते तापमान की बढ़ोतरी कुछ थमी और अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.7 डिग्री अधिक रहा। इस दौरान लोगों को करीब 49 डिग्री सेल्सियस जैसी गर्मी का एहसास हुआ।

    दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे बीएचयू और दक्षिणी वाराणसी के कुछ इलाकों में तेज हवाएं चलीं और हल्की बूंदाबांदी हुई। इससे तापमान में राहत तो नहीं मिली, बल्कि वातावरण में नमी बढ़ने से उमस और अधिक परेशान करने लगी। वहीं न्यूनतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक रहा। इसी वजह से वाराणसी की रात देश में सबसे गर्म रही।

    भीषण गर्मी का असर आम जनजीवन पर साफ दिखाई दे रहा है। सड़कों पर दोपहर के समय आवाजाही कम हो गई है, वहीं अस्पतालों में गर्मी और लू से प्रभावित मरीजों की संख्या बढ़ रही है। पशु-पक्षी और वनस्पति भी इस भीषण तापलहर से प्रभावित हो रहे हैं।

    देश के सबसे गर्म शहर

    • 43.2°C – बांदा (उत्तर प्रदेश) और ब्रह्मपुरी (विदर्भ)
    • 43.0°C – प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) और वर्धा (महाराष्ट्र)
    • 42.6°C – बीएचयू, वाराणसी
    • 42.5°C – रायनंदगांव (छत्तीसगढ़)
    • 42.4°C – खजुराहो (मध्य प्रदेश) और नागपुर (महाराष्ट्र)

    मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल पूर्वी उत्तर प्रदेश में गर्म और शुष्क हवाओं का प्रभाव बना रहेगा। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad