कचहरी-संदहा रोड पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू, तीन भवन गिरे; ग्रैंड ओपनिंग से पहले रेस्टोरेंट को नुकसान
वाराणसी :- शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के उद्देश्य से कचहरी-संदहा मार्ग चौड़ीकरण परियोजना के तहत प्रशासन ने रविवार को ध्वस्तीकरण अभियान शुरू किया। सड़क विस्तार की जद में आने वाले तीन भवनों को हटाने की कार्रवाई की गई। बुलडोजर और भारी मशीनों की मदद से हुए इस अभियान के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।लोक निर्माण विभाग (PWD) और प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में चलाए गए अभियान के दौरान अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित भवन स्वामियों को पूर्व में मुआवजा प्रदान किया जा चुका है तथा निर्धारित प्रक्रिया के तहत नोटिस देकर भवन खाली करने के लिए पर्याप्त समय भी दिया गया था। समयसीमा समाप्त होने के बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई अमल में लाई गई।कार्रवाई के तहत मेराज मुर्गा, अफसार नेता और असफर अली के भवनों को हटाया गया। इसी दौरान एक जर्जर भवन को तोड़ते समय पास का बिजली का खंभा अचानक टूटकर समीप स्थित नवाबी जायका रेस्टोरेंट पर गिर गया। संयोगवश उसी दिन रेस्टोरेंट का उद्घाटन होना था।रेस्टोरेंट संचालक आसिफ अली उर्फ राजू ने बताया कि हादसे में दुकान के सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि किचन में लगे शीशे टूटकर तैयार भोजन में जा गिरे। उद्घाटन समारोह के लिए करीब 700 लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई थी, जिसमें कुछ खाद्य सामग्री खराब हो गई। इसके बाद कर्मचारियों को दोबारा भोजन तैयार करने में जुटना पड़ा।ध्वस्तीकरण के दौरान एक भवन में रह रहे कुछ लोगों ने शुरुआत में मकान खाली करने में अनिच्छा दिखाई, लेकिन अधिकारियों और पुलिस की समझाइश के बाद भवन को खाली कराकर कार्रवाई पूरी की गई।






No comments