चौथी मोहर्रम पर प्रयागराज में गूंजा ग़म-ए-हुसैन, मजलिसों और जुलूसों में उमड़ी अकीदतमंदों की भीड़
हज़रत अली अकबर के ताबूत के साथ निकला कदीमी जुलूस
दरियाबाद स्थित स्वर्गीय सैय्यद मुज़फ्फर हुसैन के इमामबाड़े से चौथी मोहर्रम का पारंपरिक जुलूस पूरी अकीदत के साथ निकाला गया। जुलूस कमाल खां के टेकरे से होता हुआ मस्जिद इमाम-ए-रज़ा पहुंचा और वहां से दरगाह हज़रत अब्बास पर जाकर सम्पन्न हुआ। जुलूस से पूर्व ज़ाकिर-ए-अहलेबैत अशरफ अब्बास खां ने मजलिस को खिताब किया। जुलूस में हज़रत अली अकबर के ताबूत की शबीह और अलम भी शामिल रहे। विभिन्न अंजुमनों के नौहाख्वानों ने नौहे पढ़ते हुए मातम किया।
पांचवीं मोहर्रम के कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी
अंजुमन गु़न्चा-ए-कासिमया बख्शी बाजार की ओर से पांचवीं मोहर्रम के कार्यक्रमों की रूपरेखा भी जारी की गई है। पानदरीबा स्थित इमामबाड़ा सफदर अली बेग, चक जीरो रोड के इमामबाड़ा डिप्टी ज़ाहिद हुसैन और सब्जी मंडी स्थित अज़ाखाने में मजलिसों के बाद नौहा व मातम का नजराना पेश किया जाएगा।
वहीं दरियाबाद पठनवल्ली स्थित ऐतिहासिक इमामबाड़ा अबुल हसन में भी पांचवीं मोहर्रम की मजलिस आयोजित होगी, जिसे खतीब-ए-अहलेबैत रज़ा हसनैन एडवोकेट संबोधित करेंगे। मजलिस के बाद शबीह-ए-ज़ुलजनाह निकाली जाएगी तथा विभिन्न अंजुमनों द्वारा नौहा-ख्वानी और मातम पेश किया जाएगा।




No comments