• Breaking News

    अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पुलिस लाइन में सामूहिक योगाभ्यास, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

    • मोहम्मद रिजवान
    वाराणसी :- 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को पुलिस लाइन कमिश्नरेट वाराणसी में भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम "Yoga For Health Ageing" और संदेश "हमारी संस्कृति, हमारा योग, हमारा गौरव" के अनुरूप आयोजित कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त श्री मोहित अग्रवाल के नेतृत्व में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, जवानों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया।
    कार्यक्रम का शुभारंभ ओम् ध्वनि और सूर्य नमस्कार से हुआ। इसके बाद योग प्रशिक्षकों ने उपस्थित पुलिसकर्मियों को सूर्य नमस्कार, भ्रामरी प्राणायाम, शीतली प्राणायाम, अनुलोम-विलोम, पद्मासन, सर्वांगासन सहित विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। योग सत्र के दौरान अनुशासन और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

    इस अवसर पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि योग भारत की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक होने के साथ-साथ स्वस्थ जीवन का आधार भी है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है तथा सकारात्मक और अनुशासित समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
    पुलिस आयुक्त ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और अपने परिवार व समाज को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि एक स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समाज की स्थापना की जा सके।

    अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित इस सामूहिक योग कार्यक्रम ने पुलिसकर्मियों को स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad