• Breaking News

    वाराणसी से अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचा गंज शहीदा मस्जिद मामला, पाक राष्ट्रपति के बयान से मची हलचल

    वाराणसी :-
    आदमपुर क्षेत्र स्थित गंज शहीदा मस्जिद से जुड़ा भूमि विवाद अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा का विषय बन गया है। पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए भारत में ऐतिहासिक मुस्लिम धार्मिक स्थलों को लेकर चिंता व्यक्त की और वाराणसी की गंज शहीदा मस्जिद का उल्लेख किया।

    उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व वाले स्थलों से जुड़े मामलों का समाधान संवेदनशीलता और कानून के दायरे में होना चाहिए। साथ ही उन्होंने अल्पसंख्यकों के अधिकारों तथा साझा सांस्कृतिक विरासत की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।
    इधर, गंज शहीदा मस्जिद को लेकर रेलवे प्रशासन द्वारा जारी नोटिस को एक सप्ताह पूरा हो चुका है। रेलवे का दावा है कि मस्जिद जिस भूमि पर स्थित है, वह रेलवे की संपत्ति है। इस संबंध में संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया है।

    मस्जिद प्रबंधन समिति ने रेलवे के दावे का विरोध करते हुए कहा है कि मस्जिद का इतिहास सदियों पुराना है और इसके अस्तित्व से जुड़े ऐतिहासिक दस्तावेज उपलब्ध हैं। समिति का कहना है कि वह सभी आवश्यक साक्ष्य प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत करेगी और जरूरत पड़ने पर कानूनी प्रक्रिया का सहारा भी लेगी।

    शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान बड़ी संख्या में नमाजी मस्जिद पहुंचे। नमाज शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई, जबकि मस्जिद को लेकर जारी विवाद के कारण लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। एहतियात के तौर पर प्रशासन भी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

    भूमि स्वामित्व को लेकर रेलवे प्रशासन और मस्जिद प्रबंधन के बीच चल रहे इस विवाद पर अब विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों की भी नजर है। आने वाले दिनों में प्रशासनिक और न्यायिक प्रक्रिया के अगले कदम इस मामले की दिशा तय करेंगे।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad