यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा में फर्जीवाड़ा, चचेरे भाई की जगह एग्जाम देने पहुंचा युवक दबोचा गया
- मोहम्मद रिजवान
वाराणसी :- उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान वाराणसी में एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। राजातालाब स्थित परीक्षा केंद्र पर दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देने पहुंचे युवक को बायोमेट्रिक जांच के दौरान पकड़ लिया गया। केंद्र प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मंगलवार को पहली पाली की परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों के दस्तावेजों और बायोमेट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान एक परीक्षार्थी की पहचान को लेकर संदेह होने पर केंद्र प्रशासन ने उससे पूछताछ की। जांच में सामने आया कि युवक अपने चचेरे भाई की जगह परीक्षा देने आया था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बलिया जिले के बांसडीह थाना क्षेत्र निवासी राजकुमार शाह के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह अपने चचेरे भाई दीपक कुमार के स्थान पर परीक्षा में शामिल होने पहुंचा था। इसके बाद उसे राजातालाब पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी सॉल्वर गैंग या भर्ती परीक्षा में सक्रिय फर्जीवाड़ा करने वाले गिरोह से जुड़ा तो नहीं है। एडीसीपी गोमती जोन नृपेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जिस अभ्यर्थी की जगह वह परीक्षा देने आया था, उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
कठिन रहे सामान्य ज्ञान और रीजनिंग के प्रश्न
उधर, भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन भी जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की भारी भीड़ देखने को मिली। गोरखपुर, गाजीपुर, मऊ, देवरिया समेत बिहार के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे। दो पालियों में आयोजित परीक्षा के लिए पंजीकृत 44,064 अभ्यर्थियों में से 31,702 ने उपस्थिति दर्ज कराई, जबकि 12,362 उम्मीदवार अनुपस्थित रहे।
परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि सामान्य ज्ञान और रीजनिंग खंड के प्रश्न अपेक्षाकृत कठिन थे। कई सवालों को हल करने में अधिक समय लगा, जिससे समय प्रबंधन चुनौतीपूर्ण रहा। परीक्षा का तीसरा दिन बुधवार को आयोजित होगा।

No comments