वर्दी पहनने की चाहत अधूरी, सड़क हादसे में पिता-बेटी की दर्दनाक अंत
वाराणसी :- जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस भर्ती परीक्षा देने जा रही युवती और उसके पिता की जान चली गई। वाराणसी-जौनपुर हाईवे पर नागापुर गांव के सामने तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्री की मौके पर मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, रामनगर के कोदूपुर निवासी पृथ्वीनाथ सोनकर (64) अपनी पुत्री आंचल सोनकर (20) को पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने के लिए जौनपुर जा रहे थे। उनके साथ कटेसर, मुगलसराय निवासी दिनेश सोनकर (23) बाइक चला रहा था। सुबह करीब छह बजे पिंडरा बाइपास के पास पीछे से आ रहे एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर पीछे बैठे पृथ्वीनाथ और आंचल सड़क पर गिर गए और ट्रक की चपेट में आ गए। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक चालक दिनेश दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची फूलपुर पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल युवक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिंडरा ले जाया गया, जहां से उसकी हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने का सपना लेकर निकली आंचल की असमय मौत से परिवार में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फरार ट्रक चालक और वाहन की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

No comments