वाराणसी के नगवा में युवक की संदिग्ध मौत, सीने में गोली लगने से गई जान; जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी :- लंका थाना क्षेत्र के नगवा इलाके में मंगलवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमा सक्रिय हो गया और मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी गई। प्रारंभिक स्तर पर मामला आत्महत्या, दुर्घटना या किसी अन्य कारण से जुड़ा हो सकता है, हालांकि पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।मृतक की पहचान चितईपुर थाना क्षेत्र के टिकरी निवासी बाबूलाल यादव के पुत्र सोनू यादव के रूप में हुई है, जो पेंटिंग का काम करता था। जानकारी के अनुसार सोनू पिछले करीब 10 दिनों से नगवा स्थित एक मकान में पेंटिंग का कार्य कर रहा था।बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि सोनू जमीन पर घायल अवस्था में पड़ा था। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार और थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को युवक के पास से एक पिस्टल भी बरामद हुई है। जांच के दौरान फॉरेंसिक टीम और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों को भी बुलाया गया, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगे हैं।
पुलिस के अनुसार युवक के सीने में गोली लगी थी। शुरुआती जांच में यह भी संभावना जताई जा रही है कि हथियार को देखने या संभालने के दौरान गोली चल गई हो, लेकिन अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक के पास हथियार कैसे पहुंचा और घटना के पीछे की वास्तविक वजह क्या है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



No comments