वाराणसी: बंद मकान में हुई लाखों की चोरी का खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार, पूरा माल बरामद
वाराणसी पुलिस ने बंद मकान में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कमिश्नरेट की मंडुआडीह थाना पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में चोरी गए सोने-चांदी के आभूषणों तथा नकदी की शत-प्रतिशत बरामदगी की गई है। बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 5 से 6 लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मंडुआडीह क्षेत्र के मड़ौली स्थित नई बस्ती में 22-23 मई की रात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाया था। मकान मालिक परिवार सहित बाहर गया हुआ था, जिसका फायदा उठाकर बदमाशों ने घर का ताला तोड़ दिया और जेवरात व नकदी चोरी कर फरार हो गए थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने मामले के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लंका थाना क्षेत्र के भगवानपुर निवासी प्रियांशु सोनकर उर्फ बाबू सोनकर तथा नगवा निवासी सचिन रावत के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 37 ग्राम सोने के आभूषण, चांदी के सामान और चोरी की गई नकदी बरामद की है।पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं। इनमें से एक के खिलाफ 13 जबकि दूसरे के खिलाफ 16 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब दोनों की हिस्ट्रीशीट खोलने की प्रक्रिया में जुटी हुई है।
पूछताछ के दौरान यह भी पता चला कि चोरी की वारदात में गिरोह के कुल चार सदस्य शामिल थे। फिलहाल दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मामले की जांच के दौरान एक रोचक तथ्य भी सामने आया। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के हाथों पर एक जैसे टैटू बने हुए मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि यह उनके गिरोह की पहचान का हिस्सा हो सकता है। इसी वजह से पुलिस इस गिरोह को फिलहाल ‘टैटू गैंग’ के नाम से चिन्हित कर रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी कम समय में अधिक पैसा कमाने और लग्जरी जीवनशैली जीने की चाहत में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। चोरी के बाद सामान बेचकर प्राप्त रकम को आपस में बांट लेते थे।
चोरी की इस बड़ी वारदात का सफल खुलासा करने और शत-प्रतिशत माल बरामद करने वाली पुलिस टीम को 10 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है।



No comments